Last updated: November 2nd, 2026 at 06:38 am
13 Kg Silver Crown Stolen from Shimla’s Sankat Mochan Templeशिमला के प्रतिष्ठित संकटमोचन मंदिर में शनिवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। मंदिर के गर्भगृह में घुसे एक शातिर ने भगवान राम और हनुमान के मंदिर से करीब 13 किलोग्राम वजनी चांदी का मुकुट, अन्य आभूषण और दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर ली। आरोपी की पूरी गतिविधियां मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। घटना का पता रविवार सुबह चलने के बाद मंदिर प्रबंधन ने बालूगंज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शनिवार रात करीब दो बजे एक चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उस समय गर्भगृह वाले मंदिर का गेट बंद था। आरोपी ने गेट पर लगा ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद वह भगवान राम और हनुमान के गर्भगृह में पहुंचा और वहां रखा चांदी का भारी-भरकम मुकुट तथा अन्य आभूषण चोरी कर लिए। आरोपी ने मंदिर के दानपात्र को भी निशाना बनाया और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया। मंदिर प्रबंधन की ओर से नकदी की गिनती के बाद करीब दस से 12 हजार रुपए चोरी होने का अनुमान लगाया है। मंदिर की सुरक्षा में होमगार्ड कर्मी की तैनाती होने के बावजूद चोरी की वारदात होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
शिमला ग्रामीण के तहसीलदार संजीव गुप्ता ने बताया कि मंदिर के गर्भगृह से चांदी का मुकुट और कुछ अन्य आभूषण चोरी हुए हैं। एएसपी शिमला गौरवजीत सिंह ने बताया कि मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शिमला का संकटमोचन मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यह मंदिर सरकार के नियंत्रण में है और यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर का धार्मिक महत्त्व प्रसिद्ध संत नीम करौरी बाबा से भी जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि नीम करौरी बाबा ने इस स्थान पर साधना की थी। मंदिर परिसर में बाबा का अलग मंदिर भी स्थापित है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments