Last updated: June 29th, 2026 at 05:09 am
Parwanoo’s War Against Drugs Beginsपरवाणू। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू और आसपास के इलाकों में बढ़ते नशे के कारोबार को रोकने के लिए पंचायत और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त मोर्चा खोल दिया है। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने के लिए रणनीति तैयार की गई है।
शनिवार को टकसाल पंचायत कार्यालय और थाना परवाणू में आयोजित दो महत्वपूर्ण बैठकों में पंचायत प्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, सीआईडी टीम और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में टकसाल, अंबोटा, कामली और परवाणू औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
टकसाल पंचायत कार्यालय में आयोजित नशा निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान संजीव चांदला (संजू) ने की। बैठक में क्षेत्र में बढ़ रहे चिट्टा जैसे खतरनाक नशे के कारोबार पर चिंता जताई गई। खासतौर पर शीतला माता मंदिर के आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने पर चर्चा हुई।
बैठक में टकसाल कॉलोनी और रामसिंह कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा की गई। वार्ड-8 और वार्ड-9 के प्रतिनिधियों ने बाहरी युवाओं की संदिग्ध आवाजाही और बढ़ती असुरक्षा का मुद्दा उठाया।
पंचायत उप प्रधान नवीन कुमार (नीटू) ने बताया कि पंचायत के सभी 11 वार्डों में नशा निवारण टीमें बनाई जाएंगी, जो क्षेत्र में निगरानी और जागरूकता अभियान चलाएंगी। पंचायत प्रधान संजीव चांदला ने कहा कि नई पंचायत के गठन के बाद पूरे क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए ठोस कार्य योजना के साथ काम किया जाएगा।
वहीं थाना परवाणू में हुई दूसरी बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र कुमार ने की। इसमें पंचायत प्रधान संजीव चांदला, नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, पूर्व पार्षद राजेश शर्मा, प्रवीण पुंज, विनोद गुप्ता, सोहन राजपूत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में सभी ने परवाणू में बढ़ते नशे के खतरे पर चिंता जताई और पुलिस व जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया। रेड कैटेगरी क्षेत्र होने के कारण परवाणू में नशा तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई।
इस दौरान स्कूलों में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, युवाओं को नशे से दूर रखने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने पर सहमति बनी।
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments