Himachal Govt Announces Major Relief for Employees, PensionersHimachal Govt Announces Major Relief for Employees, Pensionersदेश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कर्मचारियों, पेंशनरों, आशा कार्यकर्ताओं और एनएचएम कर्मचारियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विभिन्न वर्गों को आर्थिक राहत देने के लिए इस माह कुल 281 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतन एरियर के अलावा 20 हजार रुपये का भुगतान इसी माह किया जाएगा। वहीं, वर्ष 2016 से दिसंबर 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-3 पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को बकाया पेंशन का अतिरिक्त 35 प्रतिशत इसी माह दिया जाएगा। प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को उनके पेंशन बकाया का 15 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेशभर में 100 नए सीबीएसई स्कूल खोलने की भी घोषणा की। इसके अलावा, इस माह से 31 मार्च 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले चिकित्सकों की सेवाएं जारी रखने का निर्णय लिया गया है। ऐसे चिकित्सक अब 31 मार्च 2027 को सेवानिवृत्त होंगे।
राज्य सरकार की बजटीय प्रतिबद्धता के तहत एनएचएम हिमाचल प्रदेश के लगभग 9,000 आशा कार्यकर्ताओं का मासिक प्रोत्साहन 5,800 रुपये से बढ़ाकर 6,800 रुपये करने की घोषणा की गई है।
एनएचएम के ऐसे कर्मचारी, जिन्होंने वेतन युक्तिकरण के बाद सात वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें 1 अप्रैल 2026 से संशोधित वेतन मिलेगा। इसके साथ ही आउटसोर्स स्टाफ नर्सों, फार्मासिस्टों, ऑपरेशन थिएटर सहायकों और प्रयोगशाला तकनीशियनों के लिए 25,000 रुपये प्रतिमाह, जबकि डाटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए 18,000 रुपये प्रतिमाह संशोधित पारिश्रमिक तय किया गया है। यह संशोधित पारिश्रमिक 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा।
जल शक्ति विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 4,000 पद भरने की भी घोषणा मुख्यमंत्री ने की। उन्होंने कहा कि सरकार मल्टी-टास्क वर्कर्स और आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और उन्हें उचित लाभ देने के लिए नीति तैयार करने पर विचार कर रही है।
बड़सर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस उप-अधीक्षक एवं परेड कमांडर प्रणव चौहान ने किया।
समारोह की परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, आईआरबी धौलाकुआं, आईआरबी पंडोह, जिला पुलिस हमीरपुर, महिला पुलिस, होमगार्ड और यातायात पुलिस के साथ हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने भी हिस्सा लिया। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी मार्च पास्ट में भाग लिया। पुलिस और होमगार्ड बैंड ने समारोह की भव्यता बढ़ाई।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों के सहयोग से ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान’ चला रही है। अभियान का दूसरा चरण 7 सितंबर 2026 से ऊना में शुरू किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के लिए जल्द ही ‘खेलो हिमाचल, चिट्टा-मुक्त अभियान’ शुरू करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ अभियान को लेकर गंभीर है और युवाओं को स्वस्थ एवं उत्पादक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments