HomeAll NewsSIR के खिलाफ दिल्ली में उतरेगा INDIA गठबंधन, कांग्रेस की बड़ी रैली का ऐलान; कैबिनेट विस्तार पर CM सुक्खू ने दिया बड़ा बयान

SIR के खिलाफ दिल्ली में उतरेगा INDIA गठबंधन, कांग्रेस की बड़ी रैली का ऐलान; कैबिनेट विस्तार पर CM सुक्खू ने दिया बड़ा बयान

शिमला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ कांग्रेस अब देशव्यापी स्तर पर अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी में है।
news mitrINDIA Alliance to Hold Mega Rally Against SIR in Delhi

शिमला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ कांग्रेस अब देशव्यापी स्तर पर अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को दिल्ली से लौटने के बाद शिमला में बताया कि SIR के विरोध में दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के सहयोगी दल मिलकर लड़ाई लड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार को इस संबंध में चर्चा के लिए दिल्ली बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि SIR का प्रभाव हर जगह देखने को मिल सकता है। यदि किसी विधानसभा क्षेत्र में दो से तीन हजार मतदाताओं के नाम कट जाते हैं, तो चुनावी नतीजों पर इसका असर पड़ सकता है।

सुक्खू ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी है कि वह गलतियों और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। SIR प्रक्रिया में सामने आई कथित गड़बड़ियों के विरोध में आंदोलन करना विपक्ष का दायित्व है।

चार साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले होगा कैबिनेट विस्तार

मुख्यमंत्री के अचानक दिल्ली दौरे के बाद हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर भी सुक्खू ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने से पहले कैबिनेट विस्तार और फेरबदल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विषय पर पार्टी हाईकमान से चर्चा होनी है। बातचीत के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शनिवार को अचानक दिल्ली रवाना हुए थे, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

सुंदर सिंह ठाकुर के दिल्ली पहुंचने से बढ़ी थीं अटकलें

कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के भी दिल्ली पहुंचने के बाद इन चर्चाओं को और बल मिला था। माना जा रहा था कि मुख्यमंत्री हाईकमान के साथ मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन से जुड़े पदों पर नियुक्तियों को लेकर चर्चा कर सकते हैं।

दिसंबर में सुक्खू सरकार के चार वर्ष पूरे होने वाले हैं। प्रदेश मंत्रिमंडल में एक पद खाली है। इसके अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष और मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) के पदों पर नियुक्तियों को लेकर भी फैसला होना बाकी है।

मुख्यमंत्री के ताजा बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कैबिनेट विस्तार और फेरबदल पर अंतिम निर्णय हाईकमान से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।

No Comments

Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.

TOP NEWS

Latest

More
More
Copyright 2026 Site. All rights reserved powered by site.com