Last updated: July 4th, 2026 at 05:34 am
Solan–Subathu Road Gets Last-Minute Repairsसोलन, 04 जुलाई। प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के शनिवार को प्रस्तावित सोलन-सुबाथू मार्ग के निरीक्षण से ठीक एक दिन पहले लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया। शुक्रवार सुबह से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने सड़क के गड्ढों को भरने तथा लंबे समय से बंद पड़ी नालियों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया।
करीब 22 किलोमीटर लंबा सोलन-सुबाथू मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। इसी मार्ग से बड़ी संख्या में लोग जिला मुख्यालय तक आवाजाही करते हैं, लेकिन वर्षों से यहां केवल पैचवर्क और अस्थायी मरम्मत के जरिए काम चलाया जाता रहा है। मानसून शुरू होने के बाद सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोग, सामाजिक संगठन, मीडिया और विपक्ष लगातार आवाज उठाते रहे हैं। हाल ही में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से सड़क का निरीक्षण करने की घोषणा की थी। इसके बाद गुरुवार को उनका आधिकारिक दौरा कार्यक्रम जारी होते ही विभाग ने मरम्मत कार्य तेज कर दिया।
शुक्रवार को सोलन और कसौली मंडल के अधिकारी, कर्मचारी और जेसीबी मशीनें सड़क की मरम्मत और नालियों की सफाई में जुटी रहीं। विभागीय अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह कार्य पहले ही कर लिया जाता तो आम जनता को लंबे समय तक खराब सड़क का सामना नहीं करना पड़ता। उनका मानना है कि मंत्री के दौरे से ठीक पहले शुरू हुई मरम्मत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। वहीं लोगों को उम्मीद है कि मंत्री के निरीक्षण के बाद इस महत्वपूर्ण सड़क के स्थायी सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments