Last updated: June 30th, 2026 at 08:18 am
Deodar Smuggling Busted in Sundernagar, 3 Arrestedमंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध देवदार कटान और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई सुकेत वन मंडल के जयदेवी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत डिमार्केटेड संरक्षित वन च्योरा में की गई।
वन विभाग की टीम सोमवार तड़के करीब 2:15 बजे रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने देखा कि कुछ लोग पिकअप वाहन में देवदार की लकड़ी लोड कर रहे थे। वन विभाग ने तुरंत मौके पर दबिश देकर तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
कार्रवाई उप वन क्षेत्राधिकारी रामलाल के नेतृत्व में की गई। मौके से पिकअप वाहन समेत देवदार के 10 लट्ठे बरामद किए गए, जबकि 15 लट्ठे सड़क किनारे पड़े मिले। जांच के दौरान आरोपियों के पास लकड़ी के परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज या ट्रांजिट परमिट नहीं पाए गए। बरामद लकड़ी पर वन विभाग का अनिवार्य हैमर मार्क भी मौजूद नहीं था।
वन विभाग की जांच में सामने आया कि संरक्षित वन क्षेत्र से देवदार के नौ पेड़ों को अवैध रूप से काटा गया था। इनमें छह चतुर्थ श्रेणी और तीन पंचम श्रेणी के पेड़ शामिल हैं। बरामद लकड़ी का कुल आयतन 1.230 घन मीटर बताया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीता राम, खोज राज और ढमेश्वर के रूप में हुई है, जो तहसील निहरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। वहीं फरार आरोपियों की पहचान बृज लाल उर्फ पूर्ण चंद और संजु उर्फ श्रवण कुमार के रूप में हुई है।
वन विभाग की शिकायत पर पुलिस चौकी निहरी में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन, देवदार के 25 लॉग, एक आरा और एक कुल्हाड़ी बरामद कर कब्जे में ले लिए हैं।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments