Last updated: October 29th, 2026 at 04:47 am
Fire Breaks Out at Solan Firecracker Shop, Car Burntसोलन। सोलन के शामती बाइपास पर पटाखों की एक दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखे पटाखे और अन्य सामान जलकर राख हो गए। इस दौरान दुकान के पास खड़ी एक कार भी आग की चपेट में आ गई और पूरी तरह जल गई। प्रशासन के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, शामती बाइपास स्थित पटाखों की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) सोलन नीरजा शर्मा ने बताया कि आग की घटना में करीब 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। प्रशासन की ओर से दुकान से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुकान संचालक के पास पटाखे बेचने का वैध लाइसेंस था या नहीं। जांच के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम नीरजा शर्मा ने दिवाली के मद्देनजर पटाखा कारोबारियों से निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री करने और सभी सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पटाखे अत्यधिक ज्वलनशील होते हैं, इसलिए इनके भंडारण और बिक्री के दौरान विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। प्रशासन भी संबंधित नियमों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रहा है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments