Last updated: August 31st, 2026 at 04:53 am
Heavy Rain Damages Kalka-Shimla Rail Track, 10 Trains Cancelledसोलन (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश का असर विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे लाइन पर भी पड़ा है। शनिवार देर रात गुम्मा और टकसाल रेलवे स्टेशनों के बीच तेज बारिश और पानी के तेज बहाव से पुलिया बह गई, जिससे रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा हवा में लटक गया। ट्रैक की स्थिति को देखते हुए रेल यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है।
रेलवे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रविवार को कालका-शिमला रेलमार्ग पर चलने वाली 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रैक को दोबारा सुरक्षित रूप से बहाल करने में करीब 2 से 3 दिन का समय लग सकता है। रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि शनिवार को परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद गुम्मा-टकसाल के बीच पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। तेज बहाव की चपेट में ब्रिज नंबर-57 की पुलिया आ गई और वह बह गई। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के बाद उसके ऊपर बिछा रेलवे ट्रैक हवा में झूलता नजर आया।
इससे पहले शनिवार को ही कोटी-टकसाल के बीच भूस्खलन और ट्रैक पर पानी भरने की समस्या सामने आई थी। इसके चलते निचली ओर जाने वाली चार ट्रेनों को देर रात रद्द करना पड़ा था। निरीक्षण के दौरान रेलवे टीम को पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पूरे रेल संचालन को रोकने का फैसला लिया गया।
कालका-शिमला रेलवे लाइन देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है। छुट्टियों और पर्यटन सीजन के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक टॉय ट्रेन से शिमला का सफर करते हैं। ट्रैक बाधित होने से यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, वहीं रेलवे के बहाली कार्य पर भी सभी की नजरें टिकी हैं।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments