Last updated: July 6th, 2026 at 05:26 am
Power Worker Killed by Electrocutionजिला सिरमौर के धौलाकुआं क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 33 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से 45 वर्षीय बिजली कर्मी बारू राम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बेलवाली, धौलाकुआं का निवासी था और पिछले करीब 15 वर्षों से बिजली बोर्ड के ठेकेदार के अधीन कार्यरत था।
परिजनों का आरोप है कि शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे ठेकेदार ने बारू राम को बिना विभागीय अनुमति और बिजली आपूर्ति बंद करवाए खंभे पर मरम्मत कार्य के लिए भेज दिया। काम के दौरान वह 33 केवी लाइन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और चार बेटियां हैं, जिनकी जिम्मेदारी अब परिवार के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। परिजनों ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से उचित मुआवजा, आर्थिक सहायता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बारू राम के साथ कार्यरत कर्मचारियों ने भी दावा किया कि उन्हें इस कार्य के लिए विभाग की ओर से कोई आधिकारिक सूचना या पावर कट की जानकारी नहीं दी गई थी। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो इस हादसे से बचा जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही माजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण और परिजन विरोध प्रदर्शन करेंगे।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments