Parwanoo Link Road Construction Begins, Better Connectivity for Kamli Areaपरवाणू। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-5 से परवाणू को जोड़ने वाले प्रस्तावित लिंक रोड का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। सड़क निर्माण शुरू होने से कामली क्षेत्र के उद्योगों, कोल्ड स्टोर, स्कूलों और आसपास की करीब 15 पंचायतों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि शिमला जाते समय कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित लिंक रोड का मौके पर निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने जिलाधीश सोलन को सड़क का काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद संबंधित विभाग ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
भारी बारिश के कारण परवाणू-कामली मार्ग पर स्थित मुख्य पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल के क्षतिग्रस्त होने से कामली क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हो गया था। इसका सीधा असर स्थानीय उद्योगों पर भी पड़ा, क्योंकि उद्योगों तक कच्चा माल पहुंचाने और तैयार माल को बाहर भेजने में परेशानी आने लगी थी।
स्थानीय औद्योगिक इकाइयों को परिवहन बाधित होने के कारण रोजाना लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने परवाणू और टकसाल पंचायत का दौरा कर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया था। उन्होंने संबंधित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पुल की मरम्मत और क्षेत्र की कनेक्टिविटी जल्द बहाल करने को कहा था।
विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत का काम भी तेजी से किया जा रहा है। वहीं, एनएच-5 से नए लिंक रोड का निर्माण क्षेत्र के लिए वैकल्पिक और स्थायी संपर्क मार्ग उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
नए लिंक रोड के बनने से कामली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की एनएच-5 से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही परवाणू क्षेत्र में यातायात दबाव और ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में भी इस सड़क के मददगार साबित होने की उम्मीद है।
लिंक रोड बनने के बाद क्षेत्र के उद्योगों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी और आपदा जैसी परिस्थितियों में वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहने से कनेक्टिविटी बनाए रखने में मदद मिलेगी।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments