
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच राज्य सरकार ने छात्रों और शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए किसी भी जिले में स्कूल या अन्य शिक्षण संस्थान बंद करने का निर्णय संबंधित जिला उपायुक्त (डीसी) स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर लेंगे।
शुक्रवार को राज्य सचिवालय में मीडिया से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने बताया कि यदि किसी जिले में भारी बारिश, भूस्खलन, बाढ़ या अन्य प्राकृतिक आपदा के कारण सरकारी या निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया जाता है, तो उस अवधि में शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी संस्थानों में उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री की वर्ष 2025 की घोषणा के अनुरूप प्रदेश के 150 स्कूलों को सीबीएसई से संबद्धता मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को होने वाली कैबिनेट बैठक में इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर चर्चा की जाएगी। रोहित ठाकुर ने यह भी बताया कि सीबीएसई स्कूलों में अब तक लगभग 2,500 छात्रों का नामांकन कम हुआ है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि संस्कृत, पंजाबी और अन्य विषयों के 2,500 से 3,000 शिक्षकों की भर्ती की तैयारी चल रही है। इसके अलावा लगभग 400 सहायक प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में कुल 10 से 11 हजार नियुक्तियां पूरी करने का लक्ष्य है। राज्य चयन आयोग के माध्यम से अब तक लगभग 4,000 भर्तियां बैचवाइज आधार पर की जा चुकी हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर को देखते हुए प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) यूनिवर्सिटी स्थापित करने की संभावनाओं पर सरकार प्रारंभिक स्तर पर विचार कर रही है। फिलहाल यह प्रस्ताव शुरुआती चर्चा के चरण में है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में स्कूल और उच्च शिक्षा विभाग में करीब 8,000 नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि लगभग 3,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा 1,800 जेबीटी शिक्षकों के स्वीकृत पदों में से लगभग 1,200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है और 600 अतिरिक्त जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में विशेष शिक्षकों (स्पेशल एजुकेटर) की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही सरकार द्वारा विस्तारित किए जा रहे खेल छात्रावासों के लिए 18 कोचों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments