Last updated: July 18th, 2026 at 05:20 am
Independence Day Parade Rehearsals from Aug 11शिमला में 80वें स्वतंत्रता दिवस-2026 के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बचत भवन में आयोजित बैठक में समारोह की रूपरेखा तय की गई। निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे ऐतिहासिक रिज मैदान में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा।
समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, एनसीसी (छात्र-छात्राएं) तथा स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियां आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत करेंगी। पुलिस और होमगार्ड के बैंड भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। परेड का पूर्वाभ्यास 11 अगस्त से रिज मैदान में शुरू किया जाएगा।
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी जिला लोक संपर्क अधिकारी और जिला भाषा अधिकारी को सौंपी गई है। कार्यक्रम में देशभक्ति और हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आमंत्रण पत्रों की छपाई और वितरण का कार्य एसी टू डीसी कार्यालय करेगा। यदि समारोह राज्य स्तरीय घोषित होता है, तो यह जिम्मेदारी सामान्य प्रशासन विभाग निभाएगा।
रिज मैदान की साफ-सफाई की व्यवस्था नगर निगम शिमला, ध्वनि व्यवस्था जिला लोक संपर्क कार्यालय तथा अतिथियों के बैठने की व्यवस्था एसी टू डीसी कार्यालय करेगा। समारोह के समापन पर नगर निगम की ओर से मिठाइयों का वितरण भी किया जाएगा।
कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें। उन्होंने समारोह को पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में हिमाचल के योगदान से नई पीढ़ी को अवगत कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज शर्मा, एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, एएसपी गौरवजीत सिंह, एसडीएम ग्रामीण मंजीत शर्मा, एसडीएम शिमला (शहरी) सन्नी शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा लेख राज भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों को मिलेगा प्रशस्ति प्रमाण पत्र
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके लिए प्रतिभागियों की सूची कार्यक्रम से पहले एसी टू डीसी कार्यालय में जमा करानी होगी।
इसके अलावा सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी विभागों को समाज में प्रेरणादायी योगदान देने वाले लोगों की सूची तैयार कर जिला प्रशासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments