HomeAll Newsभराड़ीघाट में भारी भूस्खलन से थमा शिमला-मटौर हाईवे, नौ घंटे तक यातायात रहा प्रभावित

भराड़ीघाट में भारी भूस्खलन से थमा शिमला-मटौर हाईवे, नौ घंटे तक यातायात रहा प्रभावित

बिलासपुर/सोलन। मानसून की पहली तेज बारिश के बीच शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर भराड़ीघाट के समीप क्यारड़ क्षेत्र में बुधवार सुबह
news mitrLandslide Shuts Shimla-Matour Highway

बिलासपुर/सोलन। मानसून की पहली तेज बारिश के बीच शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर भराड़ीघाट के समीप क्यारड़ क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भारी भूस्खलन ने यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित कर दी। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और विशाल चट्टानें सड़क पर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक रोक दी।

Table of Contents

    घटना के बाद बिलासपुर पुलिस ने तुरंत वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू की। बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहनों को ब्रह्मपुखर, जुखाला, जब्बल पुल, रानीकोटला, खारसी, नवगांव और दाड़लामोड़ मार्ग से भेजा गया। वहीं शिमला से मंडी की ओर जाने वाले वाहनों को भी दाड़लामोड़-नवगांव मार्ग से डायवर्ट किया गया।

    हालांकि, वैकल्पिक मार्गों पर अचानक बढ़े वाहनों के दबाव के कारण दिनभर लंबा जाम लगा रहा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े और बसों सहित बड़े वाहनों में सफर कर रहे यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। दाड़लाघाट पुलिस के जवान दाड़लामोड़, नवगांव और अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहे तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करते रहे।

    भूस्खलन की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), फोरलेन निर्माण कंपनी, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सड़क से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया, लेकिन सुबह करीब 10 बजे हुए भूस्खलन के बाद शाम छह बजे तक, यानी नौ घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद हाईवे पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया।

    नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेम लाल शर्मा ने बताया कि प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं पटवारी मोहन लाल ने भूस्खलन की रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम अर्की को भेज दी है। एसडीएम निशांत तोमर ने कहा कि सड़क से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यातायात के लिए खोला जाएगा।

    प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

    No Comments

    Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.

    TOP NEWS

    Latest

    More
    More
    Copyright 2026 Site. All rights reserved powered by site.com