Last updated: June 10th, 2026 at 12:15 pm
₹62 Lakh Approved for Parwanoo ESIC Hospitalपरवाणू। ईएसआई राज्य अस्पताल परवाणू में रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की वार्षिक बैठक सहायक आयुक्त शेफाली शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और लंबित विकास कार्यों को गति देने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वर्ष 2025-26 के तहत चल रहे और लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के लिए एयर कंडीशनर, आईसीयू उपकरण, डेंटल यूनिट और अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की खरीद पर विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने जानकारी दी कि वेंटिलेटर, मल्टी-पैरा मॉनिटर और डिफिब्रिलेटर जैसे महत्वपूर्ण उपकरण मुख्यालय शिमला से उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अलावा हैंड वॉशिंग सिस्टम, स्टील अलमारी, डीप फ्रीजर और रिकॉर्ड रूम निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्णय लिया गया। बैठक में अस्पताल में सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए बुनियादी ढांचे के विस्तार पर भी जोर दिया गया।
सहायक आयुक्त एवं आरकेएस चेयरपर्सन शेफाली शर्मा ने कहा कि मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं अस्पताल प्रबंधन प्रमुख डॉ. ज्योति कपिल ने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णयों से अस्पताल की सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को अधिक गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा।
बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए नए एजेंडे को भी मंजूरी दी गई, जिसमें विभिन्न विभागों में एयर कंडीशनर, ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर, ए-स्कैन मशीन और कस्टमाइज्ड स्टोरेज रैक जैसी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही नए रिकॉर्ड रूम भवन निर्माण, हैंड वॉशिंग सिस्टम की स्थापना और कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव भी शामिल किए गए।
रोगी कल्याण समिति ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 62 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी है। इस बजट का उपयोग वेतन, दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों की खरीद, भवन मरम्मत और आयुष्मान भारत तथा हिमकेयर जैसी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी संचालन पर किया जाएगा।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments