Last updated: July 28th, 2026 at 05:53 am
Shimla Rains Trigger Major Landslidesराजधानी शिमला में लगातार हो रही भारी बारिश ने मंगलवार सुबह जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शहर की व्यस्त सर्कुलर रोड पर भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वहीं, चमियाणा अस्पताल जाने वाला मुख्य मार्ग भी भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण बंद हो गया। इससे दफ्तर, स्कूल और अस्पताल जाने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह करीब 9:30 बजे सर्कुलर रोड पर पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक सड़क पर आ गिरा। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। करीब 10:15 बजे छोटे वाहनों के लिए मार्ग आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया, जबकि बसों और अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही लंबे समय तक प्रभावित रही। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल सफर करना पड़ा और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े।
भूस्खलन का सबसे अधिक असर स्थानीय सब्जी मंडी जाने वाले मार्ग पर पड़ा। सड़क क्षतिग्रस्त होने से सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हुई और विक्रेताओं को सामान पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चक्कर, विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को भी लंबा चक्कर लगाना पड़ा, जिससे पूरे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सर्कुलर रोड चौड़ीकरण के दौरान हुई खुदाई और सुरक्षा उपायों में लापरवाही के कारण लगातार बारिश में पहाड़ी कमजोर हो गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठाए हैं।
उधर, भट्टाकुफर से चमियाणा अस्पताल जाने वाले मार्ग पर करीब पांच पेड़ गिरने और कई स्थानों पर भूस्खलन होने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। मरीजों, डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचने में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। प्रशासन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीमें मार्ग बहाल करने में जुटी हुई हैं।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द पूरी तरह बहाल करने के लिए राहत एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments