Massive Protest Against Waste Plant in Majra, Thousands March Through Nalagarhनालागढ़: औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के माजरा स्थित शिवालिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध मंगलवार को सड़कों पर दिखाई दिया। करीब 100 दिनों से चल रहे आंदोलन के तहत हिमाचल, पंजाब और हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नालागढ़ पहुंचे। महिलाओं की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने न्यू बस स्टैंड से एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और संयंत्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान “प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुर्दाबाद”, “कचरा प्लांट बंद करो” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों से नालागढ़ गूंज उठा। प्रदर्शन में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, किसानों, निहंग सिंह जत्थेबंदियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारियों ने माजरा और आसपास के क्षेत्रों के जल स्रोतों, भूजल, हवा और मिट्टी की स्वतंत्र वैज्ञानिक जांच करवाने तथा इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला की जांच का हवाला देते हुए पानी के नमूनों में सीसा, निकेल, आर्सेनिक, ई-कोलाई और कोलीफॉर्म पाए जाने का दावा किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को तत्काल स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने की भी मांग की।
ग्रामीणों ने उद्योग मंत्री की ओर से विधानसभा सत्र में संयंत्र को दूसरी जगह स्थानांतरित करने में 5 से 7 वर्ष लगने संबंधी बयान पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य, पेयजल और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को इतने लंबे समय तक लंबित नहीं रखा जा सकता।
ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामसभा जनवरी 2027 के बाद संयंत्र में नया कचरा लाकर संचालन जारी रखने के पक्ष में नहीं है।
आंदोलन से जुड़े गौरव राणा ने प्रशासन को 5 सितंबर तक ठोस कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि यदि कचरा संयंत्र और कथित प्रदूषणकारी इकाइयों के खिलाफ संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलनकारी पंजाब और हरियाणा की ओर जाने वाले मार्गों पर आवाजाही रोकने जैसे कड़े कदम उठाने पर भी विचार कर सकते हैं।
सभा को अमितोज सिंह मान, खुशविंदर सिंह, गौरव राणा, कंवरवीर सिंह, मोहित राणा, सुमीत सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, लखविंदर सिंह राणा और हरप्रीत सिंह सैनी समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments