Last updated: September 16th, 2026 at 06:44 am
Elderly Woman Robbed in Shimla After Chili Powder Attack61 वर्षीय महिला को सुनसान रास्ते पर बनाया निशाना, वारदात के बाद जंगल के रास्ते फरार हुआ आरोपी
शिमला। जिला शिमला के कुमारसैन (नारकंडा) क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने सुनसान रास्ते पर 61 वर्षीय महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार वारदात 14 सितंबर को ग्राम पंचायत कोट शिलारू के लतयाणा गांव के पास हुई। 61 वर्षीय सुनो देवी अपने मायके कंडयाली जा रही थीं। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह मुख्य सड़क से नीचे जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंचीं, पीछे से आए एक युवक ने अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।
महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले आरोपी ने उनके दोनों कानों से सोने की बालियां छीनीं और मुख्य सड़क की ओर भाग गया। आंखों में तेज जलन और दर्द के बावजूद महिला किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचीं और वहां मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया, लेकिन वह जंगल और पहाड़ी रास्तों का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद महिला को उपचार के लिए नारकंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष थी। वारदात के समय उसने सफेद चैकदार कमीज और काली पैंट पहन रखी थी।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। शिलारू पंचायत के प्रधान रोशन ठाकुर ने बताया कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात से ग्रामीण चिंतित हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले ओडी क्षेत्र में भी एक महिला के साथ इसी तरह की लूट की घटना सामने आ चुकी है।
पीड़िता के बेटे सुभाष और पंचायत प्रधान ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments