Last updated: July 11th, 2026 at 11:11 am
Solan Murder Plot Foiledसोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक महिला की कथित हत्या की साजिश का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश किया है। मामले में महिला के पति, उसके सगे भाई और एक दोस्त को घटना के करीब आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोप है कि पति अपनी पत्नी को उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लेकर आया। देहुंघाट क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर उसने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर पहले महिला के गले पर चाकू से हमला किया और फिर उसे करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया। आरोपियों ने महिला को मृत समझकर मौके से फरार होने का प्रयास किया।
गंभीर रूप से घायल महिला ने साहस का परिचय देते हुए झाड़ियों के सहारे खाई से बाहर निकलकर बाईपास सड़क तक पहुंचने में सफलता हासिल की। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस चौकी सपरून को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने एक महिला को गहरी खाई में धक्का दे दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर सोलन और चौकी सपरून की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी नरेश कुमार, निवासी बड़ोग, ने पुलिस को बताया कि उसने तीन युवकों को एक महिला के साथ संदिग्ध परिस्थिति में देखा था। पहले उसे लगा कि वे महिला के साथ मारपीट कर रहे हैं। संदेह होने पर जब वह दोबारा मौके पर पहुंचा तो देखा कि तीनों युवकों ने महिला को सड़क से नीचे गहरी खाई में धक्का दे दिया और नगाली की ओर भाग गए। मौके पर पैराफिट के पास खून के निशान भी मिले।
प्रत्यक्षदर्शी के बयान और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया और उन्हें नगाली के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलीप कुमार, उसके भाई शिवम तथा उनके दोस्त मदन कुमार के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments