Last updated: July 28th, 2026 at 09:11 am
CM: CBSE Govt Schools to Lead in 5 Yearsमुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि अगले पांच वर्षों में हिमाचल प्रदेश के CBSE से संबद्ध सरकारी स्कूल राज्य के सबसे उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों के रूप में स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और समान शिक्षा उपलब्ध कराना है।
शिमला स्थित बिशप कॉटन स्कूल (बीसीएस) के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी सोच के तहत सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू की गई है और प्रदेश के 156 सरकारी विद्यालयों को CBSE से संबद्ध किया गया है। इन सुधारों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है और सरकारी स्कूलों में 24 हजार से अधिक नए विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से नई पहचान बना रहा है। उन्होंने बिशप कॉटन स्कूल की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और चरित्र निर्माण की उत्कृष्ट परंपरा का प्रतीक है। यहां से निकले विद्यार्थियों ने देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि कॉलेज के दिनों में वे कई बार क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए बिशप कॉटन स्कूल आए थे, इसलिए इस संस्थान से उनका विशेष जुड़ाव रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में ईमानदारी, अनुशासन, सेवा और दृढ़ संकल्प जैसे मूल्य पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल सफलता के पीछे नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। हिमाचल ने 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षर राज्य बनने का गौरव हासिल किया है। वहीं, असर (ASER) रिपोर्ट में प्रदेश के विद्यार्थियों ने देश में पढ़ने की क्षमता में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। परख मूल्यांकन और शिक्षा मंत्रालय के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में भी हिमाचल ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष राज्यों में स्थान बनाया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय के संस्थापक बिशप जॉर्ज एडवर्ड लिंच कॉटन को श्रद्धांजलि अर्पित की, विद्यालय का ध्वज फहराया और विद्यार्थियों के माउंटेनियरिंग अभियान-2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 28 जुलाई से 8 अगस्त तक लेह-लद्दाख के माउंट यालुंग नोंग (6,090 मीटर) पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यालय के छह विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments