Himachal on Rain Alert Till Aug 12हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। गुरुवार को राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी, जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 12 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार 7 अगस्त को बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 8 और 9 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा 10 अगस्त को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 81.5 मिमी बारिश धर्मशाला में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मनाली में 63 मिमी, श्रीनयनादेवी में 62.8 मिमी, नाहन में 41.2 मिमी, कसोल में 32 मिमी, सराहन में 30.1 मिमी और जोगिंद्रनगर में 22 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में गुरुवार को भी सभी शिक्षण संस्थान बंद रहे। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में फिलहाल 120 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 39 बिजली ट्रांसफार्मर और 60 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। संबंधित विभाग सड़कें बहाल करने और बिजली-पानी की सेवाएं सुचारु करने में जुटे हुए हैं।
वहीं, 30 जून से 6 अगस्त के बीच मानसून से जुड़े हादसों में प्रदेश में 78 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments