Last updated: June 6th, 2026 at 08:10 am
Neri College Wins Environment Awardसोलन। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के अंतर्गत संचालित औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, नेरी को पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिकी पुनर्स्थापन और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘पर्यावरण चैंपियन अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है।
महाविद्यालय को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चलाए गए विभिन्न प्रभावी अभियानों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के लिए प्रदान किया गया। इन गतिविधियों में सड़क किनारे वृक्षारोपण, पार्थेनियम उन्मूलन, प्लास्टिक कचरा संग्रहण एवं निस्तारण, जल स्रोतों और टंकियों की सफाई, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाना तथा वनाग्नि रोकथाम और वन्यजीव आवासों की सुरक्षा के लिए फायर लाइन निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
यह पुरस्कार भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत संचालित नमामि गंगे मिशन और भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदान किया गया। देशभर से प्राप्त 100 से अधिक नामांकनों में से कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद केवल नौ संस्थानों का चयन किया गया, जिनमें नेरी महाविद्यालय भी शामिल रहा।
समारोह में प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं मैती आंदोलन के संस्थापक पद्मश्री कल्याण सिंह रावत तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक दूत एवं प्रसिद्ध लोकगायिका पद्मश्री माधुरी बर्थवाल ने यह सम्मान प्रदान किया। महाविद्यालय की ओर से सहायक प्राध्यापक (पर्यावरण विज्ञान) डॉ. यशस्वी ठाकुर ने पुरस्कार ग्रहण किया।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.एस. बवेजा ने महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। वहीं, महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. डी.पी. शर्मा ने इस सम्मान को पूरे महाविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments