Last updated: June 22nd, 2026 at 12:24 pm
Parwanoo MC Poll Delay: BJP Councillors Demand Early Chairperson & Vice-Chairperson Electionsपरवाणू। नगर परिषद परवाणू में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में हो रही देरी को लेकर भाजपा समर्थित पार्षदों ने प्रशासन से जल्द प्रक्रिया पूरी करवाने की मांग उठाई है। सोमवार को महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डैजी ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा समर्थित पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सोलन से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में ठाकुर दास शर्मा, राम ध्यान सिंद, रजनी सिंगला, नंदनी सूद और सीमा शर्मा शामिल रहे। ज्ञापन में कहा गया कि 17 मई 2026 को नगर परिषद चुनाव संपन्न हो चुके हैं, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव नहीं हो पाया है। इसके चलते नगर परिषद का पूर्ण गठन अधूरा है और कई महत्वपूर्ण निर्णय प्रभावित हो रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि परवाणू एक प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं नगर परिषद के सुचारु संचालन पर निर्भर करती हैं। बरसात के मौसम को देखते हुए परिषद का जल्द सक्रिय होना बेहद जरूरी है।
डॉ. डैजी ठाकुर ने कहा कि जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपने पार्षद चुन लिए हैं, लेकिन अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में देरी से विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित सभी पार्षद जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए चाहते हैं कि नगर परिषद जल्द पूर्ण रूप से गठित होकर काम शुरू करे।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि बरसात से पहले चुनाव प्रक्रिया को पूरा किया जाए, ताकि शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।
वहीं उपायुक्त सोलन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि एसडीएम कसौली के अवकाश से लौटने के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया जल्द पूरी करवाई जाएगी।
गौरतलब है कि परवाणू नगर परिषद के 9 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा समर्थित 5 और कांग्रेस समर्थित 4 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और अब शहरवासियों की नजरें नई परिषद के गठन पर टिकी हैं।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments