Last updated: June 12th, 2026 at 06:52 am
Nahan Lakes to Be Developed as Tourist Spotsनाहन: उत्तर भारत में तालाबों के शहर के रूप में प्रसिद्ध नाहन के ऐतिहासिक तालाबों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। इस अभियान के तहत वार्ड नंबर-1 से नवनिर्वाचित पार्षद कपिल गर्ग मोंटी ने रामकुंडी तालाब की सफाई और पुनरुद्धार कार्य का शुभारंभ कर दिया है।
बुधवार को जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर की मदद से तालाब में वर्षों से जमा गाद और झाड़ियों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। कपिल गर्ग ने बताया कि बरसात से पहले रामकुंडी तालाब को पूरी तरह साफ कर पानी संचयन के लिए तैयार किया जाएगा। इसके बाद तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि तालाब के चारों ओर आकर्षक लाइटिंग, पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि यह स्थान स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। साथ ही नगर परिषद की आय बढ़ाने के लिए भी इन परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
कपिल गर्ग के अनुसार, केवल रामकुंडी ही नहीं बल्कि पक्का तालाब, रानीताल तालाब और कालीस्थान तालाब को भी पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने की योजना है। इसके लिए नाहन के विधायक अजय सोलंकी से चर्चा की जा चुकी है तथा प्रदेश सरकार के शहरी विकास विभाग को बजट के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि नाहन शहर कभी तालाबों और बावड़ियों की समृद्ध विरासत के लिए जाना जाता था। वर्तमान में चार प्रमुख तालाब ही अस्तित्व में हैं। यदि इनका संरक्षण और सौंदर्यीकरण सफलतापूर्वक किया जाता है, तो यह न केवल शहर की ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करेगा बल्कि पर्यटन और नगर परिषद की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि का माध्यम बन सकता है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
No Comments